Powered By Blogger

Monday, October 28, 2013

परमात्मा स्टेशन की तरह है

परमात्मा स्टेशन की तरह है 
विशेष अर्थों में 
वियोग के साथ, 
घट जाने में आलोकित 
आप के बगल 
स्थिर ट्रेन के रेंगने से
अपनी ट्रेन को घिसकते
महसूसना,
खड़ा स्टेशन ही
पकड़ता है आप को
या रोकता है
लाल बत्ती की तरह,
स्मृति और निरंतर
के बीच
हर जगह
हर मोड़
स्टालो पर लटका हुआ
कहीं जाने के पहले
सीटी बजाता हुआ
वह पसरा है
हर जगह,
हमें ट्रेन में
नहीं फुलाना है तकिया
उसके हाथ पर ही
सर रख कर
सो जाना है


(अप्रमेय)




Sunday, October 27, 2013

नंबर प्लेट वाला रिक्शा

जाने कहाँ से
किस गाड़ी का
लगा था नंबर प्लेट
बैरिंग के पास
टंगा हुआ,
उसका रिक्शा भारत के
रंग-बिरंगे नक़्शे जैसा
चस्पा था फुटपाथ के उपर,
गाँव से शहर आई
उन औरतों की लिपस्टिक जैसा
लाल गद्दी सी सीट
तैयार थी उस दिन खड़ी
धकियाने के लिए
शहर की भीड़,
पहियों पर झालर लटके
नयी दुल्हन की नथुनी की तरह
हुड सा घूघट चढ़ाए
उर्दू के सारे अदब को
वह खड़ा पेश कर रहा था,
दोनों हैंडिलों के बीच डोलची में
रेडियो बजते-सुनते
वह पड़ा था
रिक्शे के उपर
भारत के संतों के
पेट की तरह पसरा
मुझे जाना ही पड़ा उसके पास
पर मैं उसे जगा न सका
वह शांत पड़ा था
भगत सिंह की तरह
सूली सा
अपने रिक्शे पर लटका।

( अप्रमेय )






Thursday, October 24, 2013

चाय बेचता आदमी

ठेले पर चाय पकाता
चाय बेचता आदमी
आदमी-औरत के भेद को
लात मार कर
चाय पकाता आदमी'
पतुरियों की तरह
ग्राहकों की आव-भगत
करता-बुलाता
चाय बेचता आदमी
चाय पकाते आदमी की
मूछे कभी न मिलेंगी
सिपाही की तरह खड़ी-तनी
अपनी मर्दांगनी को उबालता
कप में ढाल कर पिला देता
चाय बेचता आदमी
पतीले को घिसते-माजते
अपनी शर्म को ट्रे में सजाकर
ग्राहकों के सामने
ले जाता है
चाय बेचता आदमी
हर रात अपनी इज्जत को
फुटपाथ पर लुटाकर
गालियों से थैला भर-भर
अपने बीवी-बच्चो के सामने
उसे परोस देता
रात को घर लौट कर आया हुआ
चाय बेच कर आदमी।

(अप्रमेय-दिल्ली विश्वविद्यालय के पास )

Sunday, October 20, 2013

बेलवहीँ

उम्र बिताया
सामने वहां
दिख पड़ता है कुआँ
जिसके मुखाने अगल-बगल
उगी रहती है छुई-मुई,
सबकी आस्था बटोरे
धूप-छाँव ,बरसात
और आसमान को ताकते
बराबर चौकी लगाये
तगद के पेड़ के नीचे
पहरा देते रहते हैं
वहां बरम-बाबा,
कोई भी जाये
वहां से खाली हाथ नहीं लौटता
नौजवान हो तो छिम्मी
औरत हो तो अमरुद
बूढ़े हो तो बेल
बच्चा हो तो कहीं न कहीं से
निकल ही जाता है
उसके लिए
कोई न कोई लरिकासन,
अजब खुटियाये बाल
सर्दियों में पैरों में झुलसे
वहां जीवित रहने की
कथा सुना जाते हैं,
रह-रह कर उठती बैठती सी
घुल ही जाती है
वहां कोई सोंधी महक,
सुनाई पड़ ही जाता है
वहां गोधरी बेला में
झिगरों का सामगान
जिसे ताल देती रहती है
आंटे की पुक-पुक मशीन,
वहां जीवित हैं
दिल के ताखे पर
भोग लगाये-बिठाये
ठाकुर बाबा,
ओसारे वहां कभी खाली
नहीं पड़ा रहता बिड़वा
और इन सब के बावजूद
मैं कहीं भी रहूँ
मेरे ह्रदय में
जलती रहती है
इतने बल्बों के बीच
बुढ़िया के मड़ई की
वह ढेबरी
जी है यही है
मेरा प्यारा गाँव
बेलवहीँ
(अप्रमेय )  









Friday, October 11, 2013

चिड़िया

तुम दृश्य हुए 
सुबह 
अपनी आवाज के पास 
मेरे ह्रदय के बाहर
मंगल गान करते- चहचहाते
फुदक ही आये
खिड़की से
पर्दों को हटाते अन्दर
ऐसे में
तुम्हारे साथ
हो लेने चाहती है आत्मा
यहाँ भी और वहां भी
निकल जाने के लिये
रात भर डूबती हुई
इस जल-लीला से ,
स्मृति शेष
बची ही है कहीं
किसी संघर्ष से विचलित
अतिरेक एकांत में,
धैर्य स्वांस लेता है
फुदकने की ताकत
बटोरते हुए।
उड़ना ही है
उड़ना पड़ेगा ही
तुम अपनी कहानी न लिखो
फिर भी
अपनी उड़ान में
तुम लिख ही जाओगे
अपनी कहानी।
(अप्रमेय)



Tuesday, October 8, 2013

नैनीताल


आतें हैं जाते हैं
इन पहाड़ो को देख
क्या वे कभी समझ पाते हैं
यह जो ताल है
पहाड़ो के बीच 

संकेत देते हैं तुम्हे
तुम ऐसे बनो जैसे
बाहर से कठोर और
अन्दर से तरल,
सदियों से खड़े पहाड़
पेड़ पौधे और झाड़
चिड़ियों को उड़ते देखते हैं
वह जो घुघुती
कभी बैठी थी
देवदारू की डाल पर
और उड़ चली थी
कहीं सुस्ता कर
क्या दी थी इजाजत
उस डाल ने उसे वहां बैठने की,
तुम आये हो यहाँ
बिना इनसे आज्ञा लिए
सहज ही समेट लिया है
यह नमी और सतरंगी मौसम,
सुनो ... यह तुम्हे कुछ
बता रहे हैं कि
तुम भी बन सकते हो इसी तरह
बिना फिक्र किए
बैठा सकते हो कोई बुलबुल
अपने ह्रदय में
और अगर यह सब
न हो सके
तो ख़ामोशी से
बस में बैठ कर
घर जाते वक्त
मेरे बारे में सॊच सकते हो
(अप्रमेय)


थोड़ी-थोड़ी


थोड़ी-थोड़ी बटती
ही चली गयी जिंदगी
रिक्शा खोजने के साथ
बटुए से पैसा निकलने के साथ
उतरते हुए गाड़ी से
बच कर रास्ते पार करने के साथ,
थोड़ी-थोड़ी बटती
ही चली गयी जिंदगी
मोल-भाव करते
आलू-प्याज के साथ
किनारे दूकान पर सजी
गरम-गरम-जलेबी के साथ,
बटती ही चली गयी जिंदगी
सुबह से शाम तक
उठने के साथ
बच्चों की गेंद खोजने के साथ
ट्रेन की टिकट खरीदते
काउंटर के साथ
गुम सी हुई कोई कविता
आकाश में निहारने के साथ
जी हाँ
बटती ही चली गयी जिंदगी
अपने को बटते हुए
देखने के साथ।
(अप्रमेय)

Friday, October 4, 2013

छोटी कविताएँ


  १

वह भी था जरुरी
यह भी है जरुरी
कभी था जो दर्द-दर्द बन के
आज है धुआं-धुआं
चेहरा अब यह किसका-किसका ?
आँखों में है बसा-बसा।

          २
कल भी और आज
उम्मीद और इंतजार
बैठे-बैठे नींद
यह- आदत
अब पुरानी हो गयी।
         ३
एक छोटी सी जिंदगी
जिसमें आदमी
समेटता है
अतीत
बोता है
बीज
मुझे अक्सर
अब जिंदगी से घबराहट होती है।
        ४
कल बोला उसने
जो कुछ भी अब
गौरतलब है
मरम्मत-तलब है।
        ५
जो नहीं लिख सका
केवल वही कविता
तुम्हारे लिए थी।

(अप्रमेय )

Wednesday, September 25, 2013

आज एक शाम


शाम की कोई तस्वीर नहीं होती
वह बस होती है
कभी-कभी
बाहर बरामदे के नीचे
इक्कठे हुए ढेरों पत्तों और
शहर से उड़ कर आये
ढेरों कागजो और मिट्टी के साथ ।
वह होती है पेड़ के नीचे
ताला लगे खड़ी साइकल के साथ
स्वांस लेती किनारे दरवाजे के बहार
पड़े चप्पलो के पास ।
शाम होती है
बच्चो की गेंदों के साथ
दौड़ती इधर-उधर गलियों में
गूंज के साथ ।
कभी-कभी शाम
किन्ही-किन्ही की आँखों में होती है
इंतज़ार के साथ ....
आज सिर्फ केवल शाम है
मुझसे अलग- थलग पड़ी
केवल अपने साथ ।
(अप्रमेय )

Friday, September 20, 2013

राग मारवा


रौशनी के जाने 
और अँधेरे के आने के बीच 
वह कौन था 
जो देख पाया तुम्हारा 
संधि-मिलन या 
संधि-बिछोह,
निःशब्द 
झरता रहा वह 
अनादि  काल से 
उभरता विलुप्त होता 
फव्व्वारे सी शक्ल बनाता 
और जो हथेलियों से छूता उन्हें 
उनके हाथो में बूंद सा 
टपक कर 
हथेलियों की लकीरों में राह बनाता ,
वह चलता रहा 
अपने ह्रदय में असंख्य प्रश्न बटोरे 
झलकता रहा सांझ कहीं नदी किनारे 
जलता रहा ढेबरी सा कहीं ओसारे 
सुलगता रहा चौके में कहीं किनारे 
तुम धन्य हो 
हे भरत पुत्रों 
नंदीपाठ को तुमने 
अपने गले लगाया।
(अप्रमेय) 


Wednesday, September 18, 2013

जिन्दगी


जिंदगी  तुम दिख ही जाती हो
इधर उधर
पलकों पर
मुदती-खुलती हुई
झर-झर बहती हुई
मसलन कहीं भी
नसों में दौड़ती हुई।
मरघट को जाती हुई
राग-विराग का दीपक
ह्रदय में धड़काते
तुम पड़ी दिख ही जाती हो
ओस सी पत्तों पर चिपकी हुई
पेड़ के नीचे छाह सी फैली हुई
छत्तों सी कहीं किनारे
छत के नीचे मधुरस बटोरते
या घर में बचे कहीं किनारे
पड़े आलू में अंकुरित होती हुई।
तुम सुनाई पड़ ही जाती हो
कोयल के कूक के पीछे
नक़ल करते किसी बच्चे की पुकार में
पाठशाला में ककहरो की गूँज में
तुम महक ही जाती हो
घंटियों की आवाज के बीच
गुथी हुई प्रार्थनाओं में धूप-बाती सी
महकती- उड़ती हुई।
डगमगाती हुई धीरे-धीरे
बाबा की लाठी में उपर पंजो के बीच
फ़सी हुई।
(अप्रमेय )




Wednesday, September 11, 2013

राग यमन :


पंछियों का समूह 
जो उड़ चला था सुबह 
वह गोधरी बेला  में 
अपनी चोंच में दाना दबाये 
लौट रहे हैं 
अपने-अपने घोंसलों मे 
उन्हें तय करना है 
बस थोड़ा ही रास्ता और 
उन्हें पता है 
अपने ठीये पर 
पहुँच जाने का सुख। 
उनके ह्रदय में 
आच्छादित है दिन भर की हरियाली 
खेतो के बीच से 
गुजरती बहती-झूमती नदी 
और इन सब के अलावा 
जो बच गए आज फिर 
शरारती बच्चो के ढेलों से 
बहेलियों के जाल से 
चिमनी की लपटों से,
वे पहुँच चुके है अब 
अपने-अपने घोंसलों मे 
उन्हों ने छोड़ दिया है 
ढीला अपने पंख 
अपने घोंसले के अन्दर 
अपनी आवाज को 
पूरी ताकत के साथ 
दूसरे पेड़ के घोंसले तक पहुंचा कर 
चुप चाप रात को निहारते सो जायेंगे । 
(अप्रमेय )

Sunday, August 18, 2013

स्मृति


                                                               
मैं वही हो गया था
जो मैंने देखा था
मैं उस वक्त तुम्हें
खड़ा केवल निहार रहा था
ऊपर से नीचे तक
मेरे और तुम्हारे बीच
कुछ बन पड़ा था
पर वह जाता रहा धीरे-धीरे
जैसे चली जाती है जिंदगी ,
तुम और गहरे होते गए
जैसे गहरी होती जाती है मृत्यु ,
तुम ही विजयी हुए
तुमनें बना लिया था मुझे अपने जैसा
शांत पहाड़
शान्ति से तब ही
मैं निहार पाया था आकाश
मैं हवा था
हाँ मैं था तुम्हारे पास
पेड़ की फुनगी पर
और वहां से उतर कर
जड़ो की अन्धकार में
देख रहा था पाताल ,
फिर जाने कहाँ से
मुझे लिखनी पड़ी
वह स्मृति
(अप्रमेय)

परमात्मा अनंत है





परमात्मा अनंत है | उसका विचार ,व्याख्या उससे सम्बंधित उसका कुछ भी सब अनंत है |हम भी उसी के विस्तार हैं | वस्तु को देखना  सिर्फ देखने की तरह यह परम योग है.... यह घटता है किन्तु धीरे-धीरे| हम निरपेक्षता की गहराई में उतरते हैं किन्तु धीरे-धीरे | उतरना एक गति है- जिसे हम "विस्तार की गति " या फिर 'प्रवाह की गति' कह सकते हैं | 
अगर इस योग में हम कहीं रुके या फिर किसी विचार ,आभास अथवा प्रवाह की व्याख्या करने बठे, तो वह व्याख्या तो होगी पर उस अनंत की व्याख्या न हो सकेगी, हम विस्तार को रोक नहीं सकते भाव के दर्पण में उसकी  तस्वीर को लाना कहाँ हो पाता है | किन्तु छोटे-छोटे ऐसे भाव- प्रभाव भी हमे जीवन जीने के उस धारा में उत्प्रेरित सदा से करते चले आ रहे हैं | अनंत का आभास छडिक हो तो भी क्या. है तो उसी का अंश- यही विस्मय द्वार है उस पूर्ण में चले जाने का  |
(अप्रमेय)

तुम्हारा टिकट


इसे कविता ही समझो 
हलाकि यह मेरी 
एक स्पष्ट पर 
विनम्र पाती है ,
उनके लिए 
जो उस अनंत विस्तार 
की यात्रा में सहयात्री हैं ,
इस कविता को 
तुम बना सकते हो 
या इसे मिटा कर
नए शब्दों को
जोड़ सकते हो
नए अर्थ लिए
अपने सदृश्य
अपनी यात्रा के
अपने सुख लिए,
तुम्हारा होना ही
तुम्हारा टिकट है
इस यात्रा के लिए
इस गाड़ी में न सही
उस गाड़ी में
तुम्हे यात्रा करनी ही होगी
(अप्रमेय )

फुटपाथ के ऊपर घर



थोडा सड़क से ऊचा
सरकार ने बना रखा है फुटपाथ
वहां आप खड़े हो सकतें है
और नजरे दौड़ा कर
देख सकते है
आदमी ने कैसे बना रखा है
फुटपाथ के उपर घर ,
अक्सर वहां आप को
बिना बिस्तरे की खटिया
पड़ी मिल सकती है
वहां आप बैठ जाये
उस घर के अन्दर
चीजो को देख
आप महसूस कर सकते हैं
महज कोठिया ही घर नहीं
दरअसल, सलीके से
रखा गया सामन
कहीं किनारे धुल कर
रखी गयी सब्जियां
बच्चो से छुपा कर थोड़ा
उनके पहुँच से ऊचा
रखा गया नमकीन-बिस्कुट
ही घर है,
आप देख सकतें है
उनके प्लास्टिक या चादर की सी
दीवार पर
लुढ़के भगवान्
मंदिर दूर हो
और अगर आप चाहे
तो लटके भगवान् को वही प्रणाम कर
ले सकते है आशीर्वाद
और मेरा दावा है
यदि आप दिखने में थोडा
सभ्य लग रहे हो
तथा इतनी देर तक
खड़े रह चुके हो
तो निशित ही वहां
आप को मिल सकती है
आप के घर जैसी चाय
(अप्रमेय  )

ये शाम


ये शाम उदास कभी ऐसी न थी 
ये याद तुम्हारी कभी ऐसी न थी 
अप्रमेय

मेरी डायरी में



तुम्हारी गोंजी हुई लकीर 

मेरी डायरी में 
अचानक दीख पड़ती है 
रात मे अचानक जग जाने जैसे,
रात कभी 
दिन कभी 
तुम जब भी दिख पड़ते हो 
मेरे पन्नो में 
छेड़ जाते को कोई प्यारी धुन 
सन्नाटे में अचानक कभी-कभी 
कौधती है चमक
तुम्हारी गोंजी हुई लकीर सी।
तुमने गोंजा नहीं था
मेरी डायरी में
गुंज गए थे
अपनी पूरी मस्ती लिए
पूरी कहानी लिए
आओ मै तुम्हारे लिए
कोई शब्द तराशूँ
अप्रमेय

गीत चुराता हूँ



हाँ मै गीत चुराता हूँ 
झरनों की कल-कल 
चिड़ियों की चहचहाहट 
हवाओं के झोके 
सबके गीत चुराता हूँ 
हाँ मै गीत गुनगुनाता हूँ,
सर्द में सहमा हुआ 
गर्म में कुछ उखड़ा हुआ 
बसंत में खिलखिला कर 
अक्सर मै गुनगुनाता हूँ 
हाँ मै ऋतुओं के गीत चुराता हूँ,
सुबह के गुलाबीपन का 
दोपहर में कुछ चमकीला हुआ 
लालिमा शाम की 
अपने गीत में बहाता हूँ 
हाँ मै गीत चुराता हूँ,
अनगढ़ जंगलो को देख कर 
पहाड़ों की उचाईयों पर 
नर्म बर्फ की गद्दियों पर सोता हूँ 
नर्म-नर्म गुनगुनाता हूँ 
हाँ मै अनगढ़ गीत चुराता हूँ,
भूखों को तड़पता देख कर 
रोटी की कीमत समझ कर 
कभी-कभी मै 
भूख को गुनगुनाता हूँ 
हाँ मै तड़पते हुए लोंगो के 
गीत चुराता हूँ......
(अप्रमेय )