Powered By Blogger

Friday, January 31, 2014

मैंने पढ़ रखा है


मैंने पढ़ रखा है किताबों में 
कि मुझे मुक्त होना है 
दुनिया से दुनिया में रहते हुए,  
मेरे जैसा आदमी इस पंचायत में 
सिर्फ जज का 
मेज पर पड़ा हथोड़ा है,
जो ठुकता है  
अपने सत्य को खंडित करता हुआ  
अपने ही विरुद्ध 
मैं डर जाता हूँ 
जी हाँ मैं निहायत 
डरपोक इंसान हूँ 
दुनिया में रहते हुए 
मुझे दुनिया से मुक्त होने की इच्छा है 
अपने शरीर को साबुन से रगड़ते 
साफ़ करते, आत्मा को झाँकने की तमन्ना है 
मकान के बेडरूम के साथ 
घर के कोने में 
मंदिर बनाने की मंशा है,
जी हाँ यह बातें निहायत असम्बद्ध लग सकती हैं 
उन बड़ी-बड़ी प्रार्थनाओं में 
या फिर दिख सकती हैं 
मामूली सी जयकारा लगाते हुए 
किसी बड़े धर्म रथ को खीचते हुए  
पर मुझे बूढी माँ के चश्मे के साथ 
पिता की लाठी के साथ 
बहनों के बच्चों के साथ 
और थोडा सा ज्यादे 
अपने बच्चों के साथ 
जलेबी खाते हुए 
उन अनाथ भगवान् के 
बच्चो की भी चिंता है। 
( अप्रमेय )

Tuesday, January 21, 2014

जिन्दा रहना है

उसे महज
जिन्दा रहना है
अपनी स्वांसों के खिलाफ
कपकपाये पैरों के
घुटनों के खिलाफ
उसे जिन्दा रहना है
जिन्दा रहने के खिलाफ
अपने ही पीठ को ढोते
छाती के हड्डियों में
घुसपैठ किये
ठण्ड के खिलाफ
अपनी ही आवाज़ के खिलाफ
जो भाषा के स्तर पर
इस अधेड़ उम्र में
गाली की तरह निकलती है
और कहीं से
ला नहीं पाती अनाज
वह जिन्दा है सुई की तरह
बीचो-बीच
भुत ,भविष्य की घडी में कसा
बीतता हुआ
बीतने के खिलाफ
वह महज
जिन्दा है
और इसीलिए
आज दो जून के बाद
उसे कभी कहीं से
मिल जाती है खुराक
जो उसे जिलाती रहती है
धूप से आती
अपनी ही परछाई के खिलाफ
मैं सोचता हूँ
मैं किस आर. टी. आई.
के दफ्तर में जाऊं
और इसके इल्जाम
का पता लगाऊं।

(अप्रमेय )






Thursday, January 16, 2014

ओवर-कोट

उसे इसकी फिक्र नहीं
कि वह जो उसने
पहना है ओवर-कोट
उसका यहाँ
इस वीरान रस्ते पर
जो शहर के पीछे
और नाली के बगल से
गुजरता है
कोई वास्ता नहीं बना पायेगा ,
महाशय ;
उसे कौन समझाए कि
जैसे कोट में
चिपके रहते हैं जेब
वैसे ही
कोट चिपके रहते हैं
बड़े-बड़े होटलों से ,
आप के स्वांसों की
लयबद्धता का गला घोटते
अचानक चिचियाते हुए
उसके पहिये
लोकतंत्र के तारकोल पर
रुकते हैं और
हवा-सिंघासन से उतर कर
लम्बी-लम्बी फरलांग लेते
घुस जातें हैं बंगलों में ,
महाशय ;
तुम्हे ठण्ड लगी
और तुमने
पता नहीं कहाँ से
पहन लिया यह कोट
उतार दो इसे
यह जचता ही नहीं
तुम्हारे इस गंदे शरीर पर ,
आदमी के तंत्र में
बने औजारों का
गरीबों से क्या लेन-देन ,
फर्क है आदमी-आदमी में
गरीब-गरीब में नहीं ,
तुम इस देश में
उनके अस्त्र-शस्त्र
भी नहीं हो सकते
जंगल के टूटे-सूखे हुए टहनियों
तुम्हे ओवर-कोट पहनने का
कोई अधिकार नहीं
(अप्रमेय )


उसे पता नहीं

उसे पता नहीं
शहर से दूर
अपने ह्रदय के अंदर
मैंने बसा ली है बस्ती
और जोड़ दिया  
हवाओं से उसकी स्वांस ,
मैंने खंडहरों में
जला दिया है दीप
और अपनी परछाई में
ढूँढ लिया है उसका साथ ,
उसे पता नहीं
सन्नाटों से
आती है उसकी आवाज
जिसमे मिला दिया है
मैंने अपने मन का राग ,
उजाले हर तरफ से
देखतें हैं मुझको
उसे पता नहीं
मैंने देख ली है उसकी आँख ,
उसे पता नहीं
धीरे-धीरे ठण्ड सी
आती उसकी लज्जा को
चिपका लिया है मैंने
स्वैटर के साथ
गर्मी में मुझे मालूम है
तुम झरोगी
मेरे माथे से
प्यास के साथ।
( अप्रमेय )

Friday, January 10, 2014

दे देना चाहता हूँ :

कुछ निकाल कर दे देना
चाहता हूँ तुमको
बहुत कुछ तो नहीं
पर थोड़ी नमी के साथ
अभी बची है गहराई
थोडा खुरदरा
बचा है सन्नाटा
थोडा सा दुबका लेकिन
हाँ अब भी बचा है प्यार,

कुछ निकाल कर
दे देना चाहता हूँ तुमको
बहुत कुछ तो नहीं
पर फिर भी
हताश ही सही
बची है उत्कंठा
आकाश को निहारने की
वीरान अनगढ़ जंगल की तरह
हाँ बे-हिसाब बची है तन्हाई ,

कुछ निकाल कर
दे देना चाहता हूँ तुमको
बहुत कुछ तो नहीं
थोड़ी बची है प्यास
पानी की तरह ठंडी
थोड़ी बची है याद
जीवन की तरह अनसुलझी
हा, अब भी बची है आस 
तुम्हे कुछ दे देने की। 

(अप्रमेय )

Wednesday, January 8, 2014

मेरा शहर :

मेरा शहर उदास दिखता है
जब मैं वहाँ नहीं रहता
वहाँ तब कोई नहीं जोड़ता
रास्ते पर थूके
पान की पीक का
लहू से गहरा सम्बन्ध ,
कोई नहीं दिखाता
आकाश से शहर में
उड़ाई हुई
ठहाकों और लफ्फाजों
की नयी क्रांति ,
जब मैं वहाँ नहीं रहता
उसे कोई बताता नहीं कि
शहर के रंगमंच पर
कोढ़ियों का रूप धरते
विज्ञान की लढ़िया को धकेलते
करम कर बाबू ऐ भइया .......
वही पुराना गीत गाते और
कितने घट गए भिखारी ,
जब मैं वहाँ नहीं रहता
तो उसे कोई नहीं समझाता
चौराहों के शक्ल में बदलती
और घटती वह गुमटियां
मेरा शहर उदास है
क्योंकि अब उसके
आँगन में नहीं फुदकती
गौरइया-चिड़िया

(अप्रमेय )

Tuesday, January 7, 2014

परदा और आदमी :

घर में टंगे परदे की तरह
कभी-कभी यूँ ही
बीत जाता है दिन ,
परदों का झूलता रहना
दुनिया में आदमी का
झूलते रहने की तरह है
और परदों पर बने सुन्दर फूल
आदमी के दिमाग में
चिपके सुन्दर सपनों की तरह हैं ,
मैं सोचता हूँ …
अगर ये सपने न होते
तो शायद ये परदे न होते ,
आदमी और परदे का रिश्ता
बहुत करीबी है
यह तब पता चलता है
जब कभी-कभी
यूँ ही बीत जाता है दिन ,
मसलन शांत कमरे में
लटका हुआ परदा
किसी बूढ़े की दाढ़ी सा दीखता है
और उसका टंगा रहना
आप को दुनिया में
टंगे रहने की खामोश हिदायत देता है ,
वैसे परदा मेरे ख्याल से
टंगा रहना चाहिए
हर खिड़की पर
ताकि आप देख न सकें बाहर
आज किसी को फुर्सत नहीं है
आप के घर के अंदर झाकनें में
सभी व्यस्त हैं कुछ ढकने में
अपने-अपने घर के
खिड़कियों पर परदा लगाने में।
( अप्रमेय )  

Friday, January 3, 2014

आदमी :

जो जान सका
वह यही कि
तुम बेहतर हो
जो तुम्हे नहीं चाटने पड़ते
जूठे पत्तल
और न ही खानी होती है लात
मेज के नीचे बैठ जाने पर,
मान ही नहीं
यह स्वीकार कर लिया
आदमी अपनी क्षमता से
रेंगता हुआ छिपकली है
कभी-कभी
दूसरे शहर में दुम दुबकाये
वह कूकुर है
जिसकी मंजिल पर दृष्टि नहीं
भागने में ही सृष्टि है ,
अद्भुत हैं तम्हारी आँखे
जो चील की तरह
चिपकी हैं तुम्हारे पास
तुरंत उड़ कर नोच ले आती हैं
कानून को ठेंगा दिखाते
गोरी-सांवली चमड़ियां,
तुम्हारे हाथ की लकीरे-लकीरे नहीं
भगवान् का दिया एक सर्टिफिकेट है
जिसे तुम जागते हुए ही नहीं
सोते हुए भी एक अनशन की तरह
इस सरकारी दुनिया में
इस्तमाल करना जानते हो
आओ हम-सब अपना सम्मान करे
एक दूसरे का गुणगान करे।
(अप्रमेय )








Tuesday, December 31, 2013

नए वर्ष ३१/१२/१३

तुम आना नए वर्ष
कुछ इस तरह
जैसे गाँव से अनाज लादे
बाबा चले आते हैं
कूवों पे कुछ फूल
यूँही निकल जाते हैं
जैसे नए चश्मे पर
माई के हाथ उसे पोछते
कम्बल से धीरे-धीरे
बाहर निकल आतें हैं ,
आना तुम कुछ तरह
जैसे दुल्हन के धीरे-धीरे
घूँघट उतर जाते हैं
बच्चों के धीरे-धीरे
दाँत निकल आतें हैं
आना कुछ इस तरह
जैसे धीरे-धीरे फल
पक के मीठे हो जाते हैं।
( अप्रमेय )
आप सभी को नए वर्ष की मंगल कामना
३१/१२/१३



Monday, December 30, 2013

पाती-२

उस दिन दस का नोट गिरा हुआ मिला था उसे। ठीक थोड़े दूर आगे बढ़ने पर एक बच्चा सड़क पर भीख माँगते उसके सामने आ गया। अभी वह तय नहीं कर पाया था की इन दस रुपयों का वह क्या करेगा पर शायद उस चौराहे और उस लड़के तथा जेब में पड़ा दस रुपये के नोट ने उसे तत्काल निर्णय लेने के लिए मजबूर किया। चाय पी लेने के बाद भी पाँच रुपये बचे थे उसके पास जिसे उसने टाल दिया था इस ख्याल के साथ की कल फिर मैं जब इस रास्ते से गुजरूंगा तो कुछ पैसा दे दूंगा। इनका काम ही है सड़कों पर भीख मांगना।पता नहीं क्यों पूरी रात उस भीख मांगने वाले लड़के का चेहरा उसकी आँखों के सामने घूमता रहा।दो दिन बीत जाने के बाद जब वह उस रास्ते से गुजर रहा था तो वह भिखारी बच्चा उसे नहीं दिखा।अगले दिन फिर वह नहीं दिखा। साल भर बीत जाने के बाद एक पागल बच्चे की लाश पर तमाम लोंग खड़े होकर कई तरह की बात कर रहे थे कि इसकी माँ दवा के अभाव में मर गयी। सुनते हैं की भीख मांग-मांग कर ये अपनी माँ की दवाइयाँ खरीदता था। माँ के मर जाने के बाद ये पागल हो गया और जरा इसका नसीब देखिये कि किसी पागल कुत्ते के काटने के कारण इसकी आज इतनी दर्दनाक मौत हो गयी। उसके लाश की जेब से कुछ चमकती हुई दवाईंयों का टुकड़ा लोंगो से अपनी आँख को चुराता आकाश से कुछ बातें कर लेना चाह रहा था।
( अप्रमेय )


Sunday, December 29, 2013

उदासी :

अब खिड़कियों से
नहीं झांकती उदासी
चमकती है कौवों के बीच से
छत के ऊपर ,
अब बिस्तर पर
लिपटी नहीं रहती उदासी
टंगी रहती है चौराहों पर
सिग्नल के अंदर ,
उदासी अब बांची नहीं जाती
और न ही रखी जाती है जेब में
वह फहरती है झंडा गाड़े
मेरे देश के धरती के ऊपर।
(अप्रमेय ) 

Friday, December 27, 2013

पाती-१

प्रभु उस रात मैं चुप-चाप वहाँ से चला आया था। मुझे तो सिर्फ अपने वादे के मुताबिक वह फूल चढ़ाना था जिसे बहुत शिद्दत के बाद एक सार्वजनिक स्थल पर कविता पाठ करते हुए मैंने पाया था। सेठ का परिवार उस मंदिर में मुझे नहीं जानता था पर उस पुजारी ने भी तो मुझे घुसने नहीं दिया। उसी ने  तो कहा था यह एक सिद्ध मंदिर है जो मांगोगे मिल जाएगा। अवसर तो मिल गया पर उसका प्रमाण तो मेरे पास ही रह गया। मैं चुप-चाप सो गया उस रात पर वह गुलाब का फूल सुबह तक मुरझा गया था।
(अप्रमेय)


Thursday, December 26, 2013

चहारदिवारी के अंदर :

चहारदिवारी के अंदर
आँखे बदलती रहती हैं हर-पल
बार-बार
झाँकती-चौंकती हैं
उजाले को चीरती
परछाई को देखकर
हवा बहती है तो लगता है
आ गया कोई बसंत लेकर
चहारदिवारी के अंदर ....
कान सुनना चाहता है
खटखटाने की आवाज़
मन फिर अटक गया
सिटकनी के पास
मेरे घाटी के ऊपर।

(अप्रमेय )

Monday, December 23, 2013

आज-कल राजनीति :

यह जो हाथ पकड़ा है उसने आप का
रकीब बन गया हजारों दिले कुर्बान का

यकायक बुलंदियों पर दीप जब जल पड़े
परवानों के भीड़ में वह गुम गया चुप-चाप सा।

शमा जली है जो क्या फिर वह बुझ जायेगी
तमाशा जिंदगी है ख़ामोशी फिर सबब बन जायेगी। 

जिंदगी शामो-सहर यह जमाने से जो ढलती रही
इस रीत की टीस आँखों में क्या फिर डबडबाएगी।

वह कौन चुप है दो टूक कभी कुछ कहता नहीं
यह बात इस जहाँ में क्या फिर सूली पर लटक जायेगी।

(अप्रमेय )




Sunday, December 22, 2013

नया वर्ष

तुम्हे मनाना है यदि नया वर्ष
तो तुम्हे भुलाना पड़ेगा 
पिता की आँखों पर
लगा हुआ मोटा चश्मा
माँ के चहरे पर
सिमटी हुई झुर्रिया
तुम्हे भुलाना होगा
आँगन के फूटे पत्थर
टप-टप गिरता
बाथरूम के टोटी का बूंदयोग,
तुम्हे मनाना है यदि नया वर्ष
तो तुम्हे बचाना ही होगा
अपना जेब-खर्च
रास्तो पर थरथराये
माँगते हाथो में उनकी किस्मत
का बनना होगा मूक दर्शक,
तुम्हे मनाना है यदि नया वर्ष
तो तुम्हे खींचनी ही पड़ेंगी
भविष्य की चोटी और 
अतीत की खाई
वह कौन थें जिन्हे तुम
पकड़ न सकें गिरते वक्त
और वह कौन होंगे
जिनकी कमीज पकड़ कर
तुम चढ़ोगे ऊपर ,
इसके बावजूद
न भूलते हुए भी
यदि तुम मनाने चले हो नया वर्ष
तो मेरी तरफ से तुमको
बधाई।
( अप्रमेय )



Saturday, December 21, 2013

शहर और गाँव के बीच :

शहर और गाँव के बीच
के फासलों को जोड़ती  हैं
वह क्वामा सदृश्य बस्तियां
जिनका अस्तित्व
वाक्यों के बीच
पन्नो के ऊपर
लेखकों के मन से
कुछ अनमनी सी टंकित
हो कर छुप कर
उठाती रहती हैं
महाकाव्यों के भारी-भारी शब्द ,
भाषा में जैसे
आ ही जाते हैं
कुछ विदेशी शब्द
उसी तरह
हमारे भाव संसार को
चमत्कृत करती स्वांस लेती
ठेंगा दिखती यह रेलगाड़ी
जब कहीं यूँही रुक पड़ती है
गोधूलि बेला में
खेतों और बस्तियों के बीच
तब सपाट किसी
संत की सफ़ेद दाढ़ी की तरह
फैले मैदान
आप को लोटा ही देते हैं
हाथ जोड़े या फिर
झरा ही देते हैं
पतझर की तरह
आप के मन के फूल ,
गाँव अपने आप में
और आप अपने पास
एक गुमसुम सा संवाद
उड़ाते हैं हवन के धुएँ की तरह
और रेलगाड़ी निकल पड़ती है
शहर की तरफ ,
आप को उतर जाना है
शहर में
तारकोल की तरह
पसर जाना है शहर में।
( अप्रमेय )






Thursday, December 19, 2013

बचा रह जाता है

कितनी अजीब है यह जिंदगी
सबको पकड़ा ही देती है
हाथो में कोई न कोई झुनझुना।
गवैये को दे देती है
एक बचा हुआ तान
रोज रगड़ने के लिए।
मास्टर को दे देती है एक पाठ
जो बची रह जाती है
क्लास ख़त्म होने के बाद।
जेब कतरे के दिमाग में
बची रह जाती है
भीड़ से निकलती सेठ की मोटी जेब।
भिखारी का हमेशा
बचा रह जाता है
सिक्को से कटोरा।
बच्चे को उढाने के बाद भी
बचा ही रह जाता हैं
माँ का आँचल।
बचा ही रह जाता है
प्रेमी-प्रेमिकाओं का संवाद।
कवियों की
बची ही रह जाती है उत्कंठा।
मैं पूछता हूँ आप सब से
ये झुनझुना है या कोई खिलौना ?

(अप्रमेय)

Monday, October 28, 2013

परमात्मा स्टेशन की तरह है

परमात्मा स्टेशन की तरह है 
विशेष अर्थों में 
वियोग के साथ, 
घट जाने में आलोकित 
आप के बगल 
स्थिर ट्रेन के रेंगने से
अपनी ट्रेन को घिसकते
महसूसना,
खड़ा स्टेशन ही
पकड़ता है आप को
या रोकता है
लाल बत्ती की तरह,
स्मृति और निरंतर
के बीच
हर जगह
हर मोड़
स्टालो पर लटका हुआ
कहीं जाने के पहले
सीटी बजाता हुआ
वह पसरा है
हर जगह,
हमें ट्रेन में
नहीं फुलाना है तकिया
उसके हाथ पर ही
सर रख कर
सो जाना है


(अप्रमेय)




Sunday, October 27, 2013

नंबर प्लेट वाला रिक्शा

जाने कहाँ से
किस गाड़ी का
लगा था नंबर प्लेट
बैरिंग के पास
टंगा हुआ,
उसका रिक्शा भारत के
रंग-बिरंगे नक़्शे जैसा
चस्पा था फुटपाथ के उपर,
गाँव से शहर आई
उन औरतों की लिपस्टिक जैसा
लाल गद्दी सी सीट
तैयार थी उस दिन खड़ी
धकियाने के लिए
शहर की भीड़,
पहियों पर झालर लटके
नयी दुल्हन की नथुनी की तरह
हुड सा घूघट चढ़ाए
उर्दू के सारे अदब को
वह खड़ा पेश कर रहा था,
दोनों हैंडिलों के बीच डोलची में
रेडियो बजते-सुनते
वह पड़ा था
रिक्शे के उपर
भारत के संतों के
पेट की तरह पसरा
मुझे जाना ही पड़ा उसके पास
पर मैं उसे जगा न सका
वह शांत पड़ा था
भगत सिंह की तरह
सूली सा
अपने रिक्शे पर लटका।

( अप्रमेय )






Thursday, October 24, 2013

चाय बेचता आदमी

ठेले पर चाय पकाता
चाय बेचता आदमी
आदमी-औरत के भेद को
लात मार कर
चाय पकाता आदमी'
पतुरियों की तरह
ग्राहकों की आव-भगत
करता-बुलाता
चाय बेचता आदमी
चाय पकाते आदमी की
मूछे कभी न मिलेंगी
सिपाही की तरह खड़ी-तनी
अपनी मर्दांगनी को उबालता
कप में ढाल कर पिला देता
चाय बेचता आदमी
पतीले को घिसते-माजते
अपनी शर्म को ट्रे में सजाकर
ग्राहकों के सामने
ले जाता है
चाय बेचता आदमी
हर रात अपनी इज्जत को
फुटपाथ पर लुटाकर
गालियों से थैला भर-भर
अपने बीवी-बच्चो के सामने
उसे परोस देता
रात को घर लौट कर आया हुआ
चाय बेच कर आदमी।

(अप्रमेय-दिल्ली विश्वविद्यालय के पास )